- बीएसई प्राइवेट बैंक सेक्टर में 2.96% और बीएसई बैंकेक्स सेक्टर में 2.44% की गिरावट रही
- बीएसई 260 अंक नीचे 30,672 पर और निफ्टी 67 पॉइंट नीचे 9,039 पर बंद हुआ
दैनिक भास्कर
May 22, 2020, 04:58 PM IST
नई दिल्ली. शुक्रवार, 22 मई को रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) के गवर्नर शक्तिकांत दास ने कई अहम घोषणाएं कीं। होम लोन, ऑटो लोन सस्ते करने के लिए प्रमुख ब्याज दर रेपो रेट 0.40% घटाकर 4% पर ला दिया है। यह 20 साल में सबसे कम है। ऐसा माना जा रहा था कि आरबीआई की घोषणाओं का असर शेयर बाजार पर होगा और इसमें उछाल देखने को मिलेगा। लेकिन बीएसई 260.31 अंक नीचे 30,672.59 पर और निफ्टी 67.00 पॉइंट नीचे 9,039.25 पर बंद हुआ।
RBI की प्रमुख घोषणाएं
EMI होल्ड करने की अवधि बढ़ाई : RBI ने टर्म लोन मोरटोरियम 31 अगस्त तक के लिए बढ़ा दिया है। पहले यह 31 मई तक के लिए था। तीन महीने और बढ़ने से अब 6 महीने के मोरटोरियम की सुविधा हो गई है। यानी इन 6 महीने अगर आप अपनी EMI नहीं चुकाते हैं तो आपका लोन डिफॉल्ट या NPA कैटेगरी में नहीं माना जाएगा।
ब्याज दरों में कटौती की : MPC की बैठक में 6-5 सदस्यों ने ब्याज दरें घटाने के पक्ष में सहमति जताई। इस फैसले से होम लोन, कार लोन, पर्सनल लोन सहित सभी तरह के कर्ज पर ईएमआई सस्ती होगी। आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास की अध्यक्षता वाली एमपीसी ने पिछली बार 27 मार्च को रेपो दर में 0.75 प्रतिशत की कमी करते हुए इसे 4.14 प्रतिशत कर दिया था।
बाजार पर नहीं आई बढ़त
आरबीआई की घोषणाएं बाजार में बढ़त लाने में नाकाम रहीं। बीएसई के 23 में से सिर्फ 5 सेक्टर में ही बढ़त रही। बीएसई प्राइवेट बैंक सेक्टर में सबसे ज्यादा 2.96% और बीएसई बैंकेक्स सेक्टर में 2.44% की गिरावट दर्ज हुई। सिर्फ कोटक बैंक को छोड़कर अन्य सभी बैंकों के शेयरों में गिरावट रही। इस लिस्ट में देश का सबसे बड़ा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का नाम भी शामिल रहा।
बीएसई बैंकेक्स के इन शेयरों में गिरावट
बैंक | गिरावट (%) |
एक्सिस बैंक | 5.65% |
फेडरल बैंक | 4.32% |
ICICI बैंक | 4.32% |
RBL बैंक | 4.20% |
सिटी यूनियन बैंक | 2.72% |
इंडसइंड बैंक | 2.52% |
HDFC बैंक | 2.43% |
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया | 0.72% |
बीएसई पर करीब 53 फीसदी कंपनियों के शेयरों में गिरावट रही