आईएमडी ने रविवार को उत्तर भारत के लिहाज से 25-26 मई के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए अनुमान लगाया है कि इस दिन लू का प्रकोप अपने चरम पर हो सकता है। दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में पिछले कुछ दिन में गर्मी बढ़ी है और कहीं-कहीं तो तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के ऊपर तक जा पहुंचा है।
राजस्थान में सोमवार को दिन का सर्वाधिक तापमान चूरू में 47.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया, वहीं उत्तर प्रदेश में 46.3 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ इलाहाबाद सबसे गर्म रहा। वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आईएमडी के क्षेत्रीय विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और पुरवाई हवाओं के कारण दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में 29-30 मई को धूल भरी आंधी चलने तथा गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। इस अवधि में हवा की रफ्तार भी करीब 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है जिससे भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
बता दें कि पश्चिमी विक्षोभ एक चक्रवाती तूफान है जो भूमध्यसागर से पैदा होकर मध्य एशिया से गुजरता है। हिमालय के संपर्क में आने पर इससे पहाड़ों और मैदानों पर बारिश होती है।
आईएमडी के मुताबिक अगले दो-तीन दिन में पंजाब, छत्तीसगढ़, ओडिशा, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, बिहार और झारखंड में कुछ-कुछ स्थानों पर लू चलने की संभावना है।
आईएमडी किसी मौसम की तीव्रता के आधार पर हरे, पीले, नारंगी या लाल रंग आधारित चेतावनी जारी करता है। विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि रेड अलर्ट की चेतावनी लोगों को दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक घरों से नहीं निकलने की सलाह के साथ जारी की गई है।